





























सौसर। जिले में गोवंश तस्करी के मामले लगातार सामने आने के बावजूद तस्करों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं। बुधवार अलसुबह सौसर पुलिस ने आमला बुट्टा के पास कार्रवाई करते हुए गोवंश तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने एक मारुति स्विफ्ट कार को रोककर उसमें क्रूरता से बांधकर रखे गए चार गोवंश को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट कार में गोवंश भरकर तस्करी के लिए ले जाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार में सवार दो संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में फरार हो गए।
तलाशी के दौरान कार में चार गोवंश बेहद अमानवीय तरीके से बांधे हुए मिले। पुलिस और गौ-रक्षकों की मदद से सभी गोवंश को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को जब्त कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सौसर क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे गोवंश तस्करी के मामलों ने पुलिस कार्रवाई और पूरे तस्करी नेटवर्क पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि वाहनों में गोवंश को ठूंस-ठूंसकर भरकर दूसरे राज्यों की ओर ले जाने की कोशिश की जाती है। कई मामलों में कार्रवाई के दौरान वाहन तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन आरोपी अंधेरे और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर फरार हो जाते हैं।
ताजा कार्रवाई में चार गोवंश की जान बच गई, लेकिन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचना पुलिस के लिए अहम चुनौती है। अब सवाल यह भी है कि गोवंश कहां से लाए जा रहे थे, इन्हें कहां ले जाया जाना था और इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं।
स्थानीय स्तर पर लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए गोवंश तस्करी के पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठ रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और अंतिम गंतव्य की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।





