🚨 कॉम्बिंग गश्त में पांढुर्णा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

लंबे समय से फरार 14 वारंटी गिरफ्तार, 4 स्थाई और 10 गिरफ्तारी वारंटियों पर शिकंजा

पांढुर्णा, 13 सितंबर 2026। जिले में फरार आरोपियों एवं स्थाई तथा गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पांढुर्णा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान थाना पांढुर्णा पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त कर विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 4 स्थाई वारंटी एवं 10 गिरफ्तारी वारंटी पुलिस के हत्थे चढ़े।

🔴 स्थाई वारंटी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए स्थाई वारंटियों में रामेश्वर धुर्वे, लक्ष्मण सिरसाम, विनोद इरपाची एवं प्रवीण इरपाची शामिल हैं।

🔵 गिरफ्तारी वारंटी भी पकड़े गए

वहीं गिरफ्तारी वारंटियों में गोपाल उईके, सुखदेव कसर, निलेश इवनाती, सूरज बारंगे, सुभाष उईके, प्यारेलाल उईके, राहुल येरपूरे, शीला बाई चोपड़े, रमेश रबड़े एवं अंकित रबड़े को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

👮 पुलिस टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी पांढुर्णा निरीक्षक अमित कुमार दानी के नेतृत्व में थाना पांढुर्णा पुलिस टीम एवं पुलिस चौकी नांदनवाड़ी के स्टाफ द्वारा की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

NCIB NEWS | पांढुर्णा

आधी रात किसानों की पुकार पर पहुंचे राहुल मोहोड़, RTO कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल

पांढुर्णा। किसानों की शिकायत पर भाजपा जिला पांढुर्णा के पूर्व महामंत्री राहुल मोहोड़ देर रात करीब 2 बजे मौके पर पहुंचे। कृषि कार्य में लगे वाहनों को लेकर किसानों द्वारा कथित अवैध वसूली और अनावश्यक कार्रवाई की शिकायत किए जाने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर संबंधित RTO कर्मियों से किसानों को परेशान किए जाने को लेकर सवाल किए।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, अवैध वसूली के आरोपों को लेकर पूछताछ के दौरान RTO से जुड़े कर्मचारी मौके से चले गए। वहीं, राहुल मोहोड़ द्वारा मौके पर मौजूद वाहन के दस्तावेज और वर्क ऑर्डर को लेकर भी सवाल उठाए गए। इन दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

राहुल मोहोड़ ने किसानों से कहा कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और यदि किसी किसान के साथ नियम विरुद्ध कार्रवाई या वसूली हुई है तो उसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की जाएगी।

🌾 “किसान परेशान है तो रात-दिन नहीं देखेंगे”

राहुल मोहोड़ ने कहा कि किसानों की समस्या छोटी हो या बड़ी, उनकी आवाज उठाना जरूरी है। किसान कृषि कार्य में व्यस्त हैं और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रभाकर बोबडे, महामंत्री दिनेश रायकवार, युवा मोर्चा महामंत्री प्रफुल देवतले, रोशन चौरे, रजनीश कोहले, कोल्हटकर सहित मोहखेड़ क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि किसानों द्वारा लगाए गए अवैध वसूली एवं अनावश्यक कार्रवाई के आरोपों पर संबंधित RTO विभाग की ओर से क्या स्पष्टीकरण सामने आता है।

किसानों का सवाल—नियमों का पालन हो, लेकिन कृषि कार्य में लगे किसानों को अनावश्यक परेशानी क्यों?

निमनी में पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर छायाचित्र का अनावरण

निमनी। पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्याबाई होलकर जी की पुण्यतिथि के अवसर पर धनगर समाज समिति, निमनी की ओर से ग्राम पंचायत निमनी के वार्ड क्रमांक 8 स्थित चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला पांढुर्णा अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ मोहोड जी की गरिमामयी उपस्थिति में राजमाता अहिल्याबाई होलकर जी के छायाचित्र का अनावरण एवं स्थापना की गई। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामवासियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के जीवन, उनके न्यायप्रिय शासन, समाजसेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत निमनी की सरपंच श्रीमती वर्षा भोयर जी सहित धनगर समाज समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में धनगर समाज के लोग एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के आदर्शों और उनके समाजहित में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उपस्थित लोगों ने उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक एकता, जनजागरूकता एवं लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया। 🙏

🌾 बीज, उर्वरक और कीटनाशक दुकानों पर कृषि विभाग की सघन जांच

पांढुर्णा | 10 सितंबर 2026

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश एवं उप संचालक कृषि श्री मॉरिस नाथ के मार्गदर्शन में कृषि विभाग की टीम ने गुरुवार को पांढुर्णा में बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी कृषि सुश्री अर्चना डोंगरे एवं विभागीय दल ने दुकानों में उपलब्ध बीज, उर्वरक एवं कीटनाशकों के स्टॉक, स्टॉक की प्राप्ति के स्रोत तथा संबंधित अभिलेखों की जांच की।

अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कृषि सामग्री का नियमानुसार विक्रय एवं स्टॉक का उचित संधारण किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई से कृषि आदानों की गुणवत्ता एवं निर्धारित नियमों के पालन को लेकर विक्रेताओं में सतर्कता बढ़ी है।

निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री विनोद लोखंडे, कृषि विकास अधिकारी श्री सुनील गजभिए, डी.आर. तुमदाम, कृषि विस्तार अधिकारी राहुल सरयाम, शिवानी उइके सहित कृषि विभाग का अमला मौजूद रहा।

NCIB NEWS | पांढुर्णा

मंगारली में मोहोड़ परिवार का पारंपरिक कड़ई कार्यक्रम संपन्न सौंसर/पांढुर्णा। ग्राम मंगारली स्थित मोहोड़ परिवार के पैतृक निवास पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पारंपरिक एवं धार्मिक कड़ई कार्यक्रम श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों के साथ जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। परिवार की वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा के तहत भगवान नागराज एवं नागदेव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नागदेव की आरती एवं सामूहिक पूजा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। परिवारजनों, रिश्तेदारों, ग्रामीणों एवं आगंतुकों ने धार्मिक आयोजन में शामिल होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया। मोहोड़ परिवार द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि परिवार और समाज को अपनी परंपरा, आस्था एवं संस्कारों से जोड़ने का माध्यम भी बना। आयोजन के अंत में क्षेत्र एवं परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। रिपोर्टर – राजेश चौधरी NCIB NEWS

🚨 बड़ी कार्रवाई: 6000 किलो महुआ लाहन नष्ट, 70 बल्क लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त

अवैध शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा, 07 प्रकरण दर्ज

पांढुर्णा, 06 सितंबर 2026।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सौसर के अंतर्गत ग्राम वारगावोडी, नवथल एवं वागोडाढाना में अवैध शराब निर्माण के ठिकानों पर संयुक्त दबिश दी गई।

🌿 जंगल और नालों के आसपास मिला भारी मात्रा में महुआ लाहन

संयुक्त कार्रवाई के दौरान नालों एवं जंगल क्षेत्र में झाड़ियों के आसपास पन्नियों और ड्रमों में हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने के लिए संग्रहित किया गया लगभग 6000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया।

आबकारी विभाग द्वारा महुआ लाहन के विधिवत नमूने लेने के बाद शेष लाहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं कार्रवाई के दौरान 70 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ मदिरा भी जब्त कर आबकारी विभाग के कब्जे में ली गई।

⚖️ 07 प्रकरण दर्ज

अवैध शराब निर्माण के मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 07 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं।

👮 आबकारी विभाग की टीम रही मौजूद

कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुश्री भारती गौंड, श्री वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, श्री राजेश सिंघल, आबकारी उपनिरीक्षक श्री नरेन्द्र नागेश, श्री अनिकेत पटेल, सुश्री पूर्णिमा वरकड़े, श्री जीत सिंह धुर्वे सहित आबकारी विभाग का अमला मौजूद रहा।

NCIB NEWS
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी, विभाग की लगातार दबिश

जनसुनवाई में 13 आवेदन प्राप्त, अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

पांढुर्णा, 1 सितंबर 2026 कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा कुल 13 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में शासकीय भूमि के खसरा नंबर 10 पर सिल्लोरा निवासी शकिल पिता यार मोहम्मद खान, रंगा पति रम्पु उईके एवं सम्पत पिता जगन उईके द्वारा शासकीय आने-जाने के मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, सिटी पब्लिक स्कूल द्वारा आवेदक के पुत्र धानीश वानखड़े की मूल टीसी उपलब्ध नहीं कराने, खसरा दुरुस्ती की लंबित फाइलों के निराकरण, कपास की फसल खराब होने पर सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने सहित विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए।

इसी प्रकार अनावेदक द्वारा अवैध रूप से प्लॉट विक्रय किए जाने पर कार्रवाई, रोजगार के लिए ठेला लगाने हेतु व्यवसायिक स्थान पर अस्थाई जगह उपलब्ध कराने, मांडवी डैम में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाने तथा नदी के पानी को डैम तक पहुंचाने की उचित व्यवस्था करने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।

आवेदकगणों की कृषि भूमि वापस दिलाने, सार्वजनिक शासकीय भूमि एवं मार्ग पर अवैध खुदाई कर मार्ग अवरुद्ध करने और गहरा गड्ढा किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, वार्ड क्रमांक 01 सौंसर स्थित निजी भूमि पर निर्माण कार्य में व्यवधान एवं सुरक्षा संबंधी शिकायत सहित अन्य आवेदन भी जनसुनवाई में प्राप्त हुए।

इसके अलावा मृतक शकुंतलाबाई पति बाबुरावजी कोल्हे के नाम दर्ज आवासीय मकान एवं रिक्त भूमि पर बनाए गए अवैध टिन शेड को हटाकर नियमानुसार फौती नामांतरण किए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेष 50 हजार रुपये की राशि दिलाने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किया गया।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और संबंधित अधिकारी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सौंसर में सौहार्द और भाईचारे का संदेश बनी ईद-उल-मिलादुन्नबी

सौंसर। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश ईद-उल-मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर सौंसर नगर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हुए अमन, शांति, सामाजिक एकता और भाईचारे की कामना की।

आयोजित कार्यक्रम में सौंसर विधायक विजय चौरे भी शामिल हुए और मुस्लिम भाइयों के साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि पैगंबर साहब का जीवन पूरी मानवता के लिए प्रेम, करुणा, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। ऐसे पर्व समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ईद-उल-मिलादुन्नबी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाने का अवसर भी है। सौंसर की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देते हुए सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे की खुशियों में सहभागी बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल आपसी प्रेम, सद्भावना और भाईचारे से सराबोर रहा।

NCIB NEWS | सौंसर
रिपोर्टर — राजेश चौधरी

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई

250 किलो महुआ लाहन नष्ट, 30 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त

पांढुर्णा, 26 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त पांढुर्णा की टीम ने ग्राम घुड़नखापा, बिछुआ साहनी एवं नीलकंठ में अवैध शराब निर्माण के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान नालों और जंगल में झाड़ियों के बीच पन्नियों एवं ड्रमों में छिपाकर रखा गया लगभग 250 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। आबकारी टीम ने महुआ लाहन का नमूना लेकर शेष लाहन को निर्मूल्य होने के कारण मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया।

इसी कार्रवाई में करीब 30 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब भी जब्त की गई। जब्त शराब को आबकारी विभाग ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।

मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल 3 प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।

जंगल और नालों में चल रहा था अवैध निर्माण

आबकारी विभाग की कार्रवाई से यह भी सामने आया कि अवैध शराब निर्माण के लिए महुआ लाहन को जंगल एवं नालों के आसपास छिपाकर रखा गया था। विभाग द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

कार्रवाई में वृत्त प्रभारी श्री अनिकेत पटेल, आरक्षक सुश्री श्रद्धा राहंगडाले एवं आरक्षक श्री अंकुश मरावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NCIB NEWS | पांढुर्णा

कलेक्टर ने नगर परिषद मोहगांव, प्लांट और लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

प्लांट की मौके पर नपती कराकर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश, अवैध निर्माण पर नोटिस और क्यूब टेस्ट के आदेश

मोहगांव, 26 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को नगर परिषद मोहगांव का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से उनके दायित्व, लंबित प्रकरणों तथा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जनगणना से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली। नगर परिषद कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक सूचना एवं शासन की योजनाओं से संबंधित सूचना बोर्ड की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण, काम रोकने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्लांट की नपती कराते हुए निर्माण कार्य की स्थिति एवं संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण पांढुर्णा को निर्देशित किया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने ठेकेदार को प्लांट से संबंधित पूर्ण ड्राइंग एवं डिजाइन का बोर्ड मौके पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य जारी रहने तक कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने संबंधित पटवारी एवं आरआई को भी नोटिस जारी कर जवाब लेने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए क्यूब टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्य को रोकना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में नियमों का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। मौके पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

मोहगांव में शहरी अधोसंरचना कार्य प्रगति पर

नगर परिषद मोहगांव में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना, अमृत 2.0, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा विशेष निधि के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य संचालित हैं। रोड डिवाइडर एवं विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। अमृत 2.0 के तहत ग्रीन स्पेसेस एवं वाटर बॉडी रिज्यूवनेशन के कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं, जबकि वाटर सप्लाई वर्क का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण बताया गया है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर लगातार निगरानी रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

लाइब्रेरी स्टाफ की कलेक्टर ने की सराहना

कलेक्टर ने लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यों की स्थिति से संतुष्ट होकर उन्होंने लाइब्रेरी स्टाफ सदस्यों की सराहना करते हुए कहा, “आप अच्छा काम कर रहे हैं।” उन्होंने स्टाफ को इसी तरह बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री सिद्धार्थ पटेल सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।