सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनजातीय लोकनृत्य ने मोहा मन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान एवं हितग्राहियों को लाखों रुपये की सहायता राशि वितरित
पांढुर्णा, 01 नवंबर 2026।
मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर पांढुर्णा में जिला स्तरीय समारोह उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर मुख्य अतिथि श्रीमती माया नारोलिया का आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने पौधा भेंटकर तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। पूर्व शिक्षा मंत्री श्री नाना भाऊ मोहोड़ एवं जिला अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड़ का भी पौधा भेंटकर अभिनंदन किया गया।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि श्रीमती माया नारोलिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समस्त नागरिकों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ भी दिलाई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनजातीय लोकनृत्य ने बांधा समां
स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने वीरांगना रानी दुर्गावती एवं देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन और गौरवगाथा पर आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय इतिहास और संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। वहीं ‘न्यारो मध्यप्रदेश, मेरा न्यारो मध्यप्रदेश’ गीत पर विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। जनजातीय छात्रावास के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक जनजातीय लोकनृत्य भी समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
समारोह में विद्यालयीन प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर पटवारी श्री विकास रैकवार, पांढुर्णा एवं श्री दीपक उइके, सौंसर को सम्मानित किया गया।
वहीं संस्कृति संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर श्री कुणाल पराड़कर को एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
किसानों एवं हितग्राहियों को लाखों रुपये की सहायता
समारोह के दौरान कृषक कल्याण योजना के अंतर्गत कृषि कार्य एवं वाहन खरीदने के लिए हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इसमें श्री लक्ष्मीकांत किंकर को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 7 लाख 20 हजार रुपये, श्री राधेश्याम धारपुरे को बुलेट खरीदने के लिए 1 लाख 68 हजार रुपये तथा श्री रोशन कापसे को स्कूटी खरीदने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी एवं विभागीय स्टॉलों का अतिथियों ने अवलोकन किया तथा शासन की योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। अंत में राष्ट्रगान के साथ जिला स्तरीय मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह का समापन हुआ।
NCIB NEWS | खबर से हकीकत तक


