रामाकोना की बेटी पूजा चौहान ने अपनी कला से जीत लिया सबका दिल

हनुमान लोक मे उद्धघाटन से लेकर समापन कार्यक्रम तक पूजा की कला का रहा जलवा

रंगोली से बना दिया बड़ी बड़ी हस्तियों का चित्र

रामाकोना :- क्षेत्र के प्रसिद्ध चमत्कारिक हनुमान मंदिर जामसावली हनुमान लोक मे श्री राम नवमी से लेकर श्री हनुमान जन्मोत्सव तक धार्मिक कार्यक्रमो का आयोजन बड़ी धूमधाम से हुआ जिसके लाखो लोग साक्षी बने.
  नवगठित मंदिर समिति द्वारा इस बार हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम बड़े स्तर पर भव्य एवं दिव्य बनाने के लिए हनुमान लोक के उदघाटन से लेकर हनुमान जन्मोत्सव तक बड़े बड़े धार्मिक आयोजन किये गए जिसमे देश एवं विदेश के ख्याति प्राप्त महाराज द्वारा अपनी प्रस्तुतिया दी गयी.
   जिसमे विवेक जी महाराज, जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज, सुन्दर कांड करने वाले रसराज महाराज, भजन गायिका स्वस्ति मेहुल ने अपनी प्रस्तुतिया दी और  हजारों एवं लाखो लोग इन बड़ी बड़ी दिग्गज हस्तियों की एक झलक के पाने के लिए कायल हुए एवं नजर से देखने के लिए आतुर थे तो वही दूसरी ओर ग्राम रामाकोना की बेटी पूजा चौहान ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुये विवेक जी महाराज, जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज, सुन्दर कांड करने वाले रसराज महाराज, भजन गायिका स्वस्ति मेहुल की हूबहू रंगोली से चित्र बना डाला जिसको देख सभी ने प्रशंसा कर दी.
    कथा के दौरान जगतगुरु रामभद्राचार्य महाराज ने मंच पर बुलाकर पूजा चौहान का स्वागत कर आशीर्वाद दिया जिसके साक्षी लाखो लोग बने.

*तूफान एवं भारी बारिश भी नहीं रोक पायी पूजा की मेहनत को*
  हनुमान जन्मोत्सव के दिन पूर्व संध्या पर भजन गायिका स्वस्ती मेहुल का कार्यक्रम के शुरुआत होने के पूर्व तेज तूफान एवं बारिश आने लगी थी उस दौरान पूजा चौहान अपनी कला से भजन गायिका मेहुल  की रंगोली से चित्र बनाने मे लगी हुई थी और आखिर पूजा की मेहनत एवं लगन के आगे तेज बारिश एवं तूफान को भी हारना पड़ा और स्वस्ती मेहुल की रंगोली बनकर तैयार हुई.
   दुसरे दिन स्वस्ती मेहुल द्वारा अपने सोशल मिडिया पर वीडियो साझा कर पूजा की बहुत ही प्रशंसा कर बधाई एवं शुभकामनायें दी.

*कौन है पूजा चौहान*
   हनुमान लोक मे हनुमान जन्मोत्सव कार्यक्रम मे रंगोली के माध्यम से अपनी कला प्रदर्शन करने वाली बेटी पूजा चौहान ग्राम रामाकोना के डॉ पदमाकर चौहान एवं ग्राम के वार्ड क्रमांक 1 की पंच श्रीमती वर्षा चौहान की बेटी है.
     पूजा को बचपन से ही रंगोली बनाने शौक़ीन रही है चुंकि पूजा की गिनती. विशिष्ट बच्चों मे आने के कारण अपने जीवन मे काफी स्ट्रगल करना पढता है. पूजा के साथ रंगोली बनाते समय उसकी बहन सुरभि चौहान एवं माता वर्षा चौहान भी उपस्थित रही.

*मंदिर संस्थान ने पूजा को दिए 51000 रूपये*
  हनुमान मंदिर जामसावली मे नवगठित समिति के अध्यक्ष गोपाल शर्मा एवं ट्रस्टी के रूप मे संदीप भाऊ मोहोड़, एड. खंडाईत एवं अन्य का समावेश हुआ है तब से संस्थान नये नये कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. इन्हे के ही आमंत्रण पर पूजा द्वारा रंगोली बनाई गयी जिसके लिए संस्थान द्वारा बेटी की कला का प्रदर्शन देख 51000 रूपये की राशि नगद दी गयी.
  पूजा ने संस्थान के सामने अपनी इच्छा प्रकट कर बताया की वो संस्थान मे नौकरी करना चाहती है.

छत्रपती शिवाजी आई. टी. आई,सौसर में हुआ मारुती सुजुकी कम्पनी का भव्य कॅम्पस प्लेसमेंट ड्राइव

छत्रपती शिवाजी आई.टी.आई.,सौसर मे आज मारुती सुजुकी” गुरुग्राम (हरियाना) व्दारा कैम्पस‌ प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से प्रशिक्षणार्थीयो का चयन किया गया,जिसमे – फिटर, वेल्डर, टर्नर, डिजल मैकेनिक, मशिनिष्ट, ट्रेक्टर मैकेनिक, ग्राइण्डर समेत अन्य ट्रेडो के प्रशिक्षणार्थी सम्मिलित हुये ।
कैम्पस चयन में फेस टू फेस इन्टरव्यू व ग्रुप डिस्कर्शन,लिखीत परिक्षा के पश्चात‌‌ प्रशिक्षणार्थीयो का चयन किया गया।
यह सभी प्रशिक्षणार्थी, मारुती सुजुकी (गुरूग्राम हरियाना) कम्पनी में जल्द से जल्द ज्वाईंन होंगे।
छत्रपति शिवाजी आई.टी.आई,सौसर के संचालक श्री आशिष प्रदीप ठाकरे जी (गुरुजी) ने बताया कि हमारी संस्था में प्रतिवर्ष देश की जानी-मानी कम्पनीयो के कैम्पस प्लेसमेंट का आयोजन होता रहता है जिसमें हमारी संस्था के प्रशिक्षणार्थीयो के साथ-साथ अन्य आई.टी.आई. के प्रशिक्षणार्थीयो को भी रोजगार के अवसर तथा लाभ प्रदान करने का प्रयास रहता है ।
संस्था के संस्थापक श्री प्रदीप ठाकरे गुरुजी द्वारा चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कंपनी का आभार व्यक्त किया तथा पुनः संस्था में कैंपस प्लेसमेंट कर क्षेत्र के प्रशिक्षणार्थियों को लाभान्वित करने का आग्रह किया ।

कलेक्ट्रेट पांढुर्णा में समय-सीमा बैठक संपन्न, विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा

कलेक्टर ने लापरवाही पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पांढुर्णा
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का,डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक,जनपद पंचायत सीईओ पांढुर्णा श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखंड सौसर से एसडीएम श्री सिद्धार्थ पटेल एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए, जिससे दोनों स्तरों पर समन्वय स्थापित कर योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा जल संचय एवं जनभागीदारी अभियान की गहन समीक्षा की गई। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के आंकड़ों का बारीकी से परीक्षण किया गया। जिन विभागों की प्रगति असंतोषजनक पाई गई, उन्हें स्पष्ट रूप से सुधार के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से कृषि विभाग की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

लोधीखेड़ा-खमारपानी मार्ग पर कन्हान नदी में निर्मित जलमग्नीय पुल के समीप रेत उत्खनन की प्राप्त शिकायतों को कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने गंभीरता से लिया। इस संबंध में खनिज अधिकारी श्री महेश नगपुरे को स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही असंगठित श्रमिकों के अधिकतम पंजीयन पर विशेष जोर देते हुए आंकड़ों में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश भी दिए गए।

नगरपालिका क्षेत्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री राजकुमार इवनाती से नीलकंठ शमशान घाट मार्ग की अव्यवस्थित स्थिति एवं विद्युत व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। इस पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुविधा मिल सके।

बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री रघुनाथ खरोले के लंबित पेंशन प्रकरण को लेकर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने गंभीरता व्यक्त की। इस प्रकरण में सीईओ जनपद पंचायत सौसर को 15 दिवस के भीतर पेंशन प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे संबंधित हितग्राही को शीघ्र राहत मिल सके।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने तथा गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने गैस एजेंसियों का प्रत्येक 3-4 दिवस में नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इससे योजना का लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सकेगा।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्री हिमांशु धुर्वे के उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। जानकारी में बताया गया कि उनका ऑपरेशन 15 अप्रैल से 20 अप्रैल के मध्य पाढर अस्पताल में प्रस्तावित है। इस पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि उपचार में किसी प्रकार की बाधा न आए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने डी-ग्रेड में आने वाले सभी विभागों को चेतावनी देते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समयबद्ध निराकरण से ही प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार संभव है।

इसके अतिरिक्त बैठक में डॉ. भीमराव कामधेनु योजना एवं क्षीर धारा अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई। संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मत्स्य पालन विभाग को आधुनिक तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के आयोजन को लेकर भी बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम अनुसूचित जनजातीय बालक छात्रावास पांढुर्णा में आयोजित किया जाएगा। सभी शासकीय कार्यालयों में डॉ. अंबेडकर के चित्र प्रदर्शित करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को 8 से 14 अप्रैल तक विद्यालयों में भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी और पारदर्शी रूप से पहुंचाना सुनिश्चित करें, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याण सुनिश्चित किया जा सके।

अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न

23 आवेदकों की समस्याओं पर
सुनवाई, त्वरित निराकरण के निर्देश

पांढुर्णा
राज्य शासन द्वारा संचालित साप्ताहिक जनसुनवाई के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री ने 23 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

जनसुनवाई में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से जमीन का सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, भू-अधिकार पट्टा उपलब्ध कराने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, जाति प्रमाण पत्र जारी कराने, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने तथा खसरा-नक्शा दुरुस्त कराने से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।

इसके अलावा कई आवेदकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याएँ भी रखीं। इनमें अजय पराडकर, निवासी बुचनखापा, पांढुर्णा द्वारा बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, ज्योति हनवतकर, निवासी भगतसिंह वार्ड पांढुर्णा द्वारा भतीजी का प्रवेश सांदीपनी विद्यालय पांढुर्णा की कक्षा 6वीं में एवं भतीजे का प्रवेश कक्षा 4वीं में दिलाने, समस्त प्रार्थीगण सिविल लाइन पांढुर्णा द्वारा कॉलोनी में विगत एक माह से जल आपूर्ति बाधित होने, अनीता डिगरसे, निवासी ग्राम मोरडोंगरी द्वारा लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने तथा किशोर इवानती, निवासी वार्ड क्रमांक 01 ग्राम नांदनवाड़ी माल द्वारा समग्र सदस्य आईडी में वैवाहिक स्थिति सुधार से संबंधित आवेदन शामिल रहे।

जनसुनवाई कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम  पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक,जनपद पंचायत सीईओ पांढुर्णा श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

सीईओ जनपद श्री प्रियंक मिश्रा ने ग्राम पंचायत पंडरी में निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण

शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर गुणवत्ता एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

पांढुर्णा
आज मुख्य कार्यपालक अधिकारी जनपद पंचायत सौसर श्री प्रियंक मिश्रा द्वारा जनपद पंचायत सौसर अंतर्गत ग्राम पंचायत पंडरी में 15वें वित्त आयोग जनपद स्तर से संबंधित निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पेयजल टंकी एवं बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का जायजा लिया गया।

इसके साथ ही उन्होंने शासकीय प्राथमिक शाला पंडरी, आंगनबाड़ी भवन एवं ग्राम पंचायत का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन के उचित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को प्रदान किए।

कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर ई-विकास प्रणाली एवं नरवाई प्रबंधन पर जागरूकता अभियान जारी

किसानों को नरवाई न जलाने एवं ई-टोकन से उर्वरक वितरण की दी जा रही जानकारी

पांढुर्णा
जिला प्रशासन पांढुर्णा एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में कृषि विभाग पांढुर्णा द्वारा ग्राम स्तर पर नरवाई प्रबंधन एवं ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कृषि विभाग पांढुर्णा के कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा ग्राम स्तर पर किसानों के बीच पहुंचकर नरवाई प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें किसानों को नरवाई न जलाने की सलाह दी जा रही है तथा नरवाई जलाने से भूमि पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में भी अवगत कराया जा रहा है।

शासन द्वारा वर्ष 2026 में 1 अप्रैल से उर्वरक वितरण के लिए ई-विकास प्रणाली पूर्ण रूप से लागू कर दी गई है। इसके संबंध में किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है तथा उन्हें जागरूक किया जा रहा है कि किसान ई-टोकन के माध्यम से ही उर्वरक क्रय करें, जिससे अनावश्यक भीड़ एवं समय की बचत हो सके। यह जागरूकता अभियान जिले के पांढुर्णा एवं सौसर विकासखंड में सतत रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि किसानों को ई-विकास प्रणाली एवं नरवाई प्रबंधन की समुचित जानकारी प्राप्त हो सके।

कलेक्टर के निर्देश पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा

अनियमितताओं पर दिए निर्देश, सिलेंडर वजन व आपूर्ति पाई गई संतोषजनक

पांढुर्णा
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा दिए गए आदेश के परिपालन में पांढुर्णा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। श्रीमती अलका एक्का, अनुविभागीय अधिकारी पांढुर्णा एवं श्री जितेन्द्र शिल्पी, कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी पांढुर्णा द्वारा संयुक्त रूप से जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान नाहर (एचपी) गैस एजेंसी पांढुर्णा, मोहन ज्योति इंडेन गैस एजेंसी, शुभ शुभ्रा गैस एजेंसी सिराठा, जायसवाल (एचपी) गैस एजेंसी राजना तथा आस्था (एचपी) गैस एजेंसी बड़चिचोली का निरीक्षण किया गया।
नाहर (एचपी) गैस एजेंसी पांढुर्णा कार्यालय पर उपभोक्ताओं की भीड़ पाई गई, जहां उपभोक्ताओं से चर्चा में बताया गया कि वे पिपला नारायणवार तहसील सौसर निवासी हैं और गैस कनेक्शन ट्रांसफर एवं केवाईसी प्रक्रिया के लिए आए हैं। संचालक को उपभोक्ताओं के लिए पानी एवं छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शुभ शुभ्रा गैस एजेंसी सिराठा के परिवहन वाहन से गैस सिलेंडर के वजन की रेंडम जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया। मोहन ज्योति इंडेन गैस एजेंसी पांढुर्णा के आजनगांव स्थित गैस गोदाम के निरीक्षण में स्टॉक बोर्ड पर जानकारी अंकित नहीं पाई गई, जिस पर उसे प्रतिदिन अपडेट करने के निर्देश दिए गए।

जायसवाल (एचपी) गैस एजेंसी राजना में मूल स्टॉक बोर्ड नहीं पाया गया तथा अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी डेट के पाए जाने पर तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए। वहीं आस्था (एचपी) गैस एजेंसी बड़चिचोली में भी गैस सिलेंडर के वजन की रेंडम जांच में वजन मानक अनुसार पाया गया, किंतु अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी होने पर उसे तत्काल बदलने के निर्देश दिए गए।

समग्र निरीक्षण के दौरान सभी गैस एजेंसियों में गैस सिलेंडर की उपलब्धता एवं आपूर्ति निरंतर पाई गई।

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर सौसर कार्यालय में बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज एवं पार्टी ध्वज के वंदन के साथ की गई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने एवं राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहड़ जी, वरिष्ठ कार्यकर्ता हरीश बत्रा जी, मंडल अध्यक्ष दर्शन झाड़े, मंडल महामंत्री आशीष चांडक, मंडल महामंत्री नरेंद्र कुकडे, गोलू वाडेकर, दिनेश भकने, पाराशराम राने, रविशंकर धुर्वे, किशोर राउत, मंजीत सिंह, प्रकाश भायदे, रामकृष्ण राऊत, संजय गुप्ता, सुभाष नामदेव एवं श्रीमती किरण बत्रा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों ने पार्टी के गौरवशाली इतिहास, संगठन की उपलब्धियों एवं आगामी लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह, ऊर्जा और संगठन के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

अंत में सभी ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

होटल हाईवे सेंटर पाइंट सील, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

सब्जी में मांस मिलने की शिकायत सही पाई गई, नमूने जांच के लिए भेजे गए

पांढुर्णा आज दिनांक 06 अप्रैल 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रूपराम सनोडिया द्वारा होटल हाईवे सेंटर पाइंट, नागपुर रोड मोरडोंगरी पांढुर्णा (म.प्र.) को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया। विदित हो कि शनिवार देर रात इस होटल में नागपुर से भोपाल की ओर जा रहे तीन यात्री श्री चंद्रप्रकाश शर्मा, श्री संदीप सेन एवं  श्री विजेन्द्र सिंह ने शाकाहारी भोजन ऑर्डर किया था, किंतु होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही के चलते सब्जी में मांस का टुकड़ा पाया गया। इस पर यात्रियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचने की बात कही तथा कोतवाली थाना पांढुर्णा में शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी श्री अमित दानी द्वारा मामला खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उल्लंघन से संबंधित पाए जाने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रूपराम सनोडिया को दी गई। सूचना के आधार पर खाद्य सुरक्षा दल द्वारा 06 अप्रैल 2026 को होटल की जांच की गई, जिसमें शिकायत सही पाई गई।

निरीक्षण के दौरान मौके पर रिपोर्ट तैयार की गई तथा होटल मालिक पवन तिड़के की उपस्थिति में प्याज, टमाटर पेस्ट, हरी चटनी, पनीर, गेहूं, तुअर दाल, चावल आदि के नमूने जांच के लिए लिए गए।

निरीक्षण रिपोर्ट एवं वस्तुस्थिति की जानकारी रजिस्ट्रेशन अथॉरिटी छिंदवाड़ा को भेजी गई, जिसके आधार पर होटल का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर दिया गया। होटल में पाई गई गंभीर लापरवाहियों, शाकाहारी एवं मांसाहारी भोजन को अलग-अलग न रखने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने एवं जन स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रूपराम सनोडिया द्वारा होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

होटल में आगामी आदेश तक किसी भी प्रकार का खाद्य व्यापार पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत सुधार सूचना पत्र जारी किए जाने के बाद, होटल मालिक द्वारा सभी आवश्यक सुधार किए जाने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की संतुष्टि के पश्चात ही निलंबित रजिस्ट्रेशन को पुनः बहाल किया जा सकेगा। तब तक उक्त होटल में सभी प्रकार की खाद्य गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।

भारतीय किसान संघ द्वारा किसानों कि विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री महोदय के नाम अनुभागीय अधीकारी महोदय को सौंपा ज्ञापनआज दिनांक 6/ 4 /26 को भारतीय किसान संघ ने पुरे मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर तहसील मुख्यालयों पर ज्ञापन सौंपा है। जिसमें प्रदेश में किसानों के साथ हो रहे अनन्य को सरकार द्वारा बंद करने कि बात किसान संगठन द्वारा कि गई। जिसमें मुख्य रूप से किसानों के समर्थन मुल्य पर गेहूं खरेदी जल्दी से जल्दी शुरू करने और सेवा सहकारी समिति बैंक द्वारा 28 मार्च से वसुली कि अवधि बढ़ाकर एक करने कि मांग कि गई। और पुर्व में मुख्यमंत्री महोदय द्वारा डिफाल्टर किसानों का ब्याज माफ करने कि घोषणा को साकार रूप प्रदान करने कि बात रखी। मुख्यमंत्री महोदय द्वारा बार बार रात्रि में सिंचाई हेतु खेतों में बिजली न दि जाकर दिन के बिजली देने कि बात विगत कई वर्षों से कि जा रही है। पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई उसे तत्काल लागू करने कि मांग कि गई। और ई टोकन प्रणाली के कारण किसानों को खाद वितरित किए जाने पर किसानों कि उर्वरक कि कमी हो सकती है। जिससे किसानों को निकट भविष्य में खाद कि समस्या से जूझना पड़ सकता है। अतः मुख्यमंत्री महोदय से निवेदन है कि ई टोकन प्रणाली को सरल और आसान बनाया जाए जिससे किसानों कि उर्वरक कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी । इन सभी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री महोदय के नाम अनुभागीय अधीकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें जिला पांढुर्णा उपाध्यक्ष श्री रविशंकर जी धुर्वे, श्री दिपक जी कुल्हाड़े जिला कार्यकारिणी सदस्य, तहसील सौसर अध्यक्ष आशीष पराड़कर, तहसील मंत्री पवन जी हिंगवे, श्री पंचम जी ददगाहे अध्यक्ष सौसर नगर, श्री प्रदीप जी पराड़कर, श्री मयंक जी गोहटे, और सैकड़ों किसानों कि संख्या सम्मिलित थी।