कलेक्टर ने नगर परिषद मोहगांव, प्लांट और लाइब्रेरी का किया निरीक्षण
प्लांट की मौके पर नपती कराकर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश, अवैध निर्माण पर नोटिस और क्यूब टेस्ट के आदेश
मोहगांव, 26 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को नगर परिषद मोहगांव का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से उनके दायित्व, लंबित प्रकरणों तथा किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनगणना से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली। नगर परिषद कार्यालय में आम नागरिकों की सुविधा के लिए आवश्यक सूचना एवं शासन की योजनाओं से संबंधित सूचना बोर्ड की व्यवस्था की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण, काम रोकने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्लांट की नपती कराते हुए निर्माण कार्य की स्थिति एवं संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। नियमों के विपरीत निर्माण पाए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण पांढुर्णा को निर्देशित किया कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्यपालन यंत्री एवं सहायक यंत्री द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने ठेकेदार को प्लांट से संबंधित पूर्ण ड्राइंग एवं डिजाइन का बोर्ड मौके पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य जारी रहने तक कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाना अनिवार्य रहेगा। उन्होंने संबंधित पटवारी एवं आरआई को भी नोटिस जारी कर जवाब लेने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच के लिए क्यूब टेस्ट कराने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जांच एवं आवश्यक कार्रवाई पूरी होने तक संबंधित निर्माण कार्य को रोकना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में नियमों का पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। मौके पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मोहगांव में शहरी अधोसंरचना कार्य प्रगति पर
नगर परिषद मोहगांव में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना, अमृत 2.0, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा विशेष निधि के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य संचालित हैं। रोड डिवाइडर एवं विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। अमृत 2.0 के तहत ग्रीन स्पेसेस एवं वाटर बॉडी रिज्यूवनेशन के कार्य भी पूर्ण हो चुके हैं, जबकि वाटर सप्लाई वर्क का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण बताया गया है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति पर लगातार निगरानी रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
लाइब्रेरी स्टाफ की कलेक्टर ने की सराहना
कलेक्टर ने लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यों की स्थिति से संतुष्ट होकर उन्होंने लाइब्रेरी स्टाफ सदस्यों की सराहना करते हुए कहा, “आप अच्छा काम कर रहे हैं।” उन्होंने स्टाफ को इसी तरह बेहतर कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्री संदीप भाऊ, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी श्री सिद्धार्थ पटेल सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।