Uncategorized

समय-सीमा बैठक में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

सीएम हेल्पलाइन, जल जीवन मिशन और विकास कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा

पांढुर्णा, 25 अगस्त 2026। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनसमस्याओं, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों और जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार कार्रवाई कर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। सौसर क्षेत्र के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

राजस्व और विकास कार्यों पर विशेष जोर

बैठक में कृषि भूमि के नक्शे में दुरुस्ती, कृषकों के नाम में सुधार और अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

प्राथमिकता वाले विकासखंडों में निवेशकों को भूमि उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक क्षेत्र बोरगांव स्थित नर्मदा अमृत दुग्ध सागर प्रा. लि. के निरीक्षण संबंधी कार्रवाई भी जल्द पूर्ण करने को कहा गया।

जिले में स्वचालित मौसम केंद्र की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल चयन, मत्स्योद्योग सहकारी समिति पांढुर्णा से संबंधित कार्यों तथा स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण की प्रक्रिया को भी गति देने के निर्देश दिए गए।

बिजली बकाया और सड़क-पुलिया कार्यों की समीक्षा

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान शासकीय विभागों के विद्युत कनेक्शनों पर लंबित बकाया राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। आमला पंचायत क्षेत्र में पुलिया निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराने को भी कहा गया।

चौकी पिपलानारायणवार के लिए शासकीय आवास निर्माण हेतु भूमि आवंटन की कार्रवाई जल्द पूर्ण करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी को दिए गए। इसके साथ ही पांढुर्णा मोक्षधाम से लिटिल फ्लावर स्कूल होते हुए नीलकंठ धावड़ीखापा रोड तथा बानाबाकोड़ा क्षेत्र में बायपास सड़क निर्माण से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।

मोक्षधाम की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

नीलकंठ शमशान घाट रोड की अव्यवस्थित स्थिति और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारी को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। मोक्षधाम (शांतिधाम) के सौंदर्यीकरण एवं समतलीकरण के लिए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।

जल जीवन मिशन की योजनाओं पर कलेक्टर सख्त

जल जीवन मिशन के अंतर्गत रेट्रोफिटिंग नल-जल योजना के हस्तांतरण तथा देवी ग्राम पंचायत में योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बानाबाकोड़ा सहित अन्य क्षेत्रों में पाइपलाइन का कार्य अधूरा होने तथा पानी की टंकी और पाइपलाइन से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि नल-जल योजनाओं के सभी कार्य समय पर पूरे किए जाएं और ग्रामीणों को नियमित एवं सुचारु पेयजल उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर विशेष निगरानी

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए आवेदकों को संतोषजनक समाधान दिया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक विभाग अपने लंबित मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई करे और शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करे।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous ArticleNext Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *