सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अहम निर्णय, मोही घाट पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश
तेज रफ्तार वाहनों पर होगी कार्रवाई, ब्लैकस्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश पांढुर्णा, 24 अगस्त 2026/कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में सोमवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था, सड़क निर्माण एवं रखरखाव, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा आपातकालीन सेवाओं से जुड़े विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, एसडीएम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मोही घाट का होगा तकनीकी ऑडिट, बढ़ाए जाएंगे सुरक्षा उपाय
बैठक में एनएच-47 (भोपाल-नागपुर मार्ग) स्थित मोही घाट में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने मोही घाट का तकनीकी ऑडिट एवं सुरक्षा जांच कराकर आवश्यक सुधारात्मक उपाय लागू करने के निर्देश दिए। घाट क्षेत्र में बड़े सूचना एवं चेतावनी बोर्ड लगाने, सड़क पर ‘गो स्लो’ जैसे सुरक्षा संदेश प्रदर्शित करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। मोही घाट के ब्लैकस्पॉट क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े होने वाले यात्री वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एनएच सीमा पर लगाए जाएंगे संकेतक
बैठक में जिले से गुजरने वाले एनएच के आसपास अतिक्रमण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग की सीमा स्पष्ट रूप से चिन्हित करने के लिए कंक्रीट पोस्ट एवं साइन बोर्ड लगाने तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पांढुर्णा शहर में मालवाहक वाहनों के प्रवेश के समय की भी समीक्षा की गई। बड़े वाहनों की आवाजाही का अध्ययन कर आवश्यकता के अनुसार समय व्यवस्था में बदलाव पर विचार करने के निर्देश दिए गए।
केंद्रीय विद्यालय मार्ग सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में केंद्रीय विद्यालय से परसोड़ी मार्ग पर अंडरपास, पांढुर्णा बायपास (नागपुर रोड) तथा पांढुर्णा बायपास (भोपाल रोड) से संबंधित यातायात एवं सड़क सुरक्षा के विषयों पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
तेज रफ्तार वाहनों पर होगी कार्रवाई
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रत्येक किलोमीटर पर स्पीड डिटेक्शन सिस्टम लगाने तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए। साथ ही पांढुर्णा जिले के लिए इंटरसेप्टर वाहन की मांग करने के निर्देश भी दिए गए।
आरटीओ को मोही घाट के ब्लैकस्पॉट क्षेत्र में खड़े होने वाले यात्री वाहनों पर कार्रवाई करने के साथ जिले में संचालित स्कूल बसों के फिटनेस, परमिट, लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सड़क मार्गों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश
बैठक में सड़क किनारे शोल्डर पर उगी झाड़ियों के कारण वाहनों की दृश्यता प्रभावित होने तथा सड़क पर गड्ढों से दुर्घटना की आशंका पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को सड़क किनारे की झाड़ियों की नियमित सफाई कराने और मार्गों को गड्ढामुक्त रखने के निर्देश दिए गए। पांढुर्णा बस स्टैंड एवं शहर के प्रमुख मार्गों पर बसों, ऑटो एवं अन्य वाहनों के अनावश्यक रूप से खड़े रहने से यातायात प्रभावित होने की स्थिति पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। निर्धारित स्थान एवं समय के अलावा वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
दोपहर 12 से 3 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश की व्यवस्था की समीक्षा
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पांढुर्णा शहर में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक बड़े एवं भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। स्कूल, कार्यालय एवं बाजार क्षेत्रों में इस दौरान अधिक आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
सभी ब्लैकस्पॉट का होगा संयुक्त निरीक्षण बैठक में जिले के सभी चिन्हित ब्लैकस्पॉट का सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी बैठक में की गई कार्रवाई का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।