Uncategorized

जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण कार्य की समीक्षा, आंकड़ों की गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष जोर

ग्राम एवं नगर निर्देशिका का कार्य समय-सीमा में पूरा करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

पांढुर्णा, 23 अगस्त 2026। जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के अंतर्गत ग्राम एवं नगर निर्देशिका निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा एवं निरीक्षण को लेकर रविवार को कलेक्टर सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आंकड़ों की गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप-महारजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार, जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती ज्योति ठाकुर, अनुविभागीय अधिकारी, समस्त चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक, संबंधित कर्मचारी एवं जिला जनगणना प्रभारी श्री अनुज सोलंकी उपस्थित रहे।

उप-महारजिस्ट्रार डॉ. विजय कुमार ने सभी चार्ज अधिकारियों से जनगणना संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा अब तक किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने ग्राम एवं नगर निर्देशिका में दर्ज किए जा रहे आंकड़ों का सावधानीपूर्वक परीक्षण एवं सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के लिए महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए प्रत्येक स्तर पर आंकड़ों की जांच कर उनकी शुद्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति पाए जाने पर उसका समय रहते परीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को ग्राम एवं नगर निर्देशिका निर्माण से संबंधित जानकारी निर्धारित मापदंडों एवं प्रपत्रों के अनुसार तैयार करने तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के पश्चात जनगणना कार्यों से संबंधित प्रगति एवं तैयारियों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने जनगणना हस्तपुस्तिका निर्माण कार्य को व्यवस्थित, त्रुटिरहित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

Previous ArticleNext Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *