Uncategorized

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, कहा—युवा ही जिले का भविष्य

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण से अभिनंदन, अभिभावकों की उपस्थिति से कार्यक्रम हुआ गरिमामय
जिले के मेधावी विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने सभी छात्रों से संवाद करते हुए उनके परिचय से की, जिससे एक सहज और प्रेरणादायक वातावरण निर्मित हुआ। इसके पश्चात कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ एवं फूलों की मालाओं से सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में सम्मानित होने वाले प्रमुख विद्यार्थियों में मोहित मिलमूंदे (98.08%, 10वीं मैथ्स साइंस, संसार सांदीपनी सौसर), निकिता फरकाडे (99.04%, 10वीं, सौसर सांदीपनी), आदर्श मानेराव (98.4%, 10वीं, लिटिल स्टेप स्कूल बोरगांव), हर्षिता विरखते (98.06%, 10वीं, संदीपनी), निशांत वानखेड़े (98%, 10वीं, तिगांव सरस्वती), दिव्या कड़बे (95.4%, 12वीं, संदीपनी पांढुर्णा) तथा मेघा बैंगने (96.06%, 12वीं, सांफकवार स्कूल, बीटेक लक्ष्य) शामिल रहे।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी , पांढुर्णा के शिक्षा अधिकारी श्री हरिभाऊ हांडे सहित अन्य अधिकारी, विद्यालयों के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अभिभावकों ने अपने बच्चों की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं सामूहिक फोटो सत्र के साथ हुआ।

Previous ArticleNext Article