पांढुर्णा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट की घटना का खुलासा, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार
मोबाइल लूट की वारदात का त्वरित पर्दाफाश, आरोपी से मोबाइल, सिम कार्ड व मोटरसाइकिल बरामद थाना पांढुर्णा क्षेत्रांतर्गत लूट की घटना में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विजय धुर्वे पिता दस्सू धुर्वे, जाति गोंड, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खड़की थाना पट्टन जिला बैतूल (म.प्र.) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 14.04.2026 को शाम करीब 05:30 बजे से 06:00 बजे के बीच एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने मो.सा. के अपर डिपर लाइट को लेकर विवाद करते हुए मारपीट की और उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये थी, छीनकर फरार हो गया। छीना-झपटी के दौरान प्रार्थी को माथे, सीने और गर्दन पर चोटें आईं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पांढुर्णा में अपराध क्रमांक 191/2026, धारा 309 (6) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुन्दर सिंह कनेश ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री ब्रजेश भार्गव तथा थाना प्रभारी पांढुर्णा निरीक्षक अमित कुमार दाणी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा लूटे गए मोबाइल फोन एवं सिम कार्ड की पतासाजी के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त घटना ग्राम बनगांव निवासी फूलचंद पिता जोगीलाल उइके द्वारा अपने हीरो ग्लेमर मोटरसाइकिल से अंजाम दी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बनगांव में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, प्रार्थी का ड्राइविंग लाइसेंस तथा घटना में प्रयुक्त हीरो ग्लेमर मोटरसाइकिल क्रमांक MP28MB2673 को विधिवत जप्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम फूलचंद पिता जोगीलाल उइके, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बनगांव थाना पांढुर्णा जिला पांढुर्णा (म.प्र.) है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री अमित कुमार दाणी, आरक्षक श्री पुष्पेंद्र राजपूत, श्री अशोक हरसुले, श्री शिव जाट, श्री राम यादव एवं महिला आरक्षक सोनू बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।