स्वयंसेवी संगठनों के रूप में विकास, संवाद कौशल और दस्तावेजीकरण की दी गई जानकारी
पांढुर्णा, 24 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम बनगांव, सेक्टर क्रमांक-1 में आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था अवध विद्यापीठ शिक्षण समिति द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर समिति संचालन, संवाद कौशल एवं दस्तावेजीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ।
समितियों को सशक्त बनाने पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों, लक्ष्यों और आगामी गतिविधियों की जानकारी देते हुए समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री राजेश कुमार मानकर ने प्रस्फुटन समितियों को व्यवस्थित एवं सक्रिय स्वयंसेवी संगठनों के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई।
मुख्य वक्ता श्री पंकज खिरेकर ने प्रभावी संवाद कौशल के महत्व तथा उसे विकसित करने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं परामर्शदाता श्री मंगेश गजभिये ने समितियों के कार्यों, गतिविधियों और उपलब्धियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने की आवश्यकता एवं प्रक्रिया के बारे में बताया।
प्रतिभागियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही प्रतिभागियों से प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं, ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
जनभागीदारी से सामाजिक विकास का संकल्प
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्रीमती अर्चनाताई आहके, समाजसेवी श्री मनोहर राव पाबले, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्री रामदास मुरुमकर, प्राथमिक शाला प्रधान पाठक श्री राजेंद्र बनसोड, श्री चकोर बोबड़े, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रत्नमाला, परामर्शदाता श्री प्रवीण साहू एवं श्रीमती वर्षा खुरसंगे, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र श्री पारस बालपांडे, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य तथा नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं।
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रस्फुटन समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, संगठनात्मक मजबूती विकसित करने तथा सामाजिक विकास के कार्यों में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।


