Uncategorized

जनसुनवाई में 13 आवेदन प्राप्त, अपर कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश

पांढुर्णा, 1 सितंबर 2026 कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा कुल 13 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में शासकीय भूमि के खसरा नंबर 10 पर सिल्लोरा निवासी शकिल पिता यार मोहम्मद खान, रंगा पति रम्पु उईके एवं सम्पत पिता जगन उईके द्वारा शासकीय आने-जाने के मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, सिटी पब्लिक स्कूल द्वारा आवेदक के पुत्र धानीश वानखड़े की मूल टीसी उपलब्ध नहीं कराने, खसरा दुरुस्ती की लंबित फाइलों के निराकरण, कपास की फसल खराब होने पर सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने सहित विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए।

इसी प्रकार अनावेदक द्वारा अवैध रूप से प्लॉट विक्रय किए जाने पर कार्रवाई, रोजगार के लिए ठेला लगाने हेतु व्यवसायिक स्थान पर अस्थाई जगह उपलब्ध कराने, मांडवी डैम में पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंचाने तथा नदी के पानी को डैम तक पहुंचाने की उचित व्यवस्था करने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किए गए।

आवेदकगणों की कृषि भूमि वापस दिलाने, सार्वजनिक शासकीय भूमि एवं मार्ग पर अवैध खुदाई कर मार्ग अवरुद्ध करने और गहरा गड्ढा किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने, वार्ड क्रमांक 01 सौंसर स्थित निजी भूमि पर निर्माण कार्य में व्यवधान एवं सुरक्षा संबंधी शिकायत सहित अन्य आवेदन भी जनसुनवाई में प्राप्त हुए।

इसके अलावा मृतक शकुंतलाबाई पति बाबुरावजी कोल्हे के नाम दर्ज आवासीय मकान एवं रिक्त भूमि पर बनाए गए अवैध टिन शेड को हटाकर नियमानुसार फौती नामांतरण किए जाने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेष 50 हजार रुपये की राशि दिलाने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किया गया।

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए उनका शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और संबंधित अधिकारी प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *