Uncategorized


जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान : कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ

पांढुर्णा, 05 अगस्त 2026। जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे तथा विकास कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे हों, इस उद्देश्य से बुधवार को कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बिना विलंब पहुंचाना सुनिश्चित करें।

बैठक में आबादी भूमि से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल व्यवस्था तथा शासकीय भवनों की आवश्यक मरम्मत पर विशेष जोर दिया गया। ग्राम बड़चिचोली, मरकावाड़ा और कालापाठा की पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

लोक निर्माण विभाग को लिटिल फ्लावर स्कूल से नीलकंठ मार्ग के निर्माण एवं ग्राम आमला के समीप पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं वन विभाग को सात किलोमीटर सड़क निर्माण तथा वनग्राम बालापुर से जुड़े खाद, बीज एवं नगद सहायता प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य श्रमिक कल्याण योजनाओं में अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों का पंजीयन कराने एवं उन्हें समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जौनसारी मंदिर ट्रस्ट में कार्यरत श्रमिकों का भी योजना के अंतर्गत पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए।

खनिज विभाग को बग्गू-बिच्छू क्षेत्र में रेत उत्खनन संबंधी रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने तथा रवि कुमार साहू के अनुकंपा नियुक्ति प्रकरण का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जल संरक्षण गतिविधियों को जनआंदोलन का स्वरूप देने, अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा सीएम हेल्पलाइन एवं जन आकांक्षा पोर्टल पर लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में पांढुर्णा जिले में स्वचालित मौसम केंद्र की स्थापना के लिए स्थल चयन, श्री रामचंद्र डाहके के अभिलेख में नाम दर्ज करने तथा आचार्य विद्यासागर गोवर्धन की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करें और आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रखें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, प्रभारी तहसीलदार सुश्री पेक्षा पाठक, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री विनय प्रकाश ठाकुर, एसडीएम सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल (वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

✍️ रिपोर्ट: राजेश चौधरी
NCIB NEWS | पांढुर्णा

Previous ArticleNext Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *