Uncategorized

पद के रौब में पंचायत सचिव पर गरीब मजदूर परिवार से मारपीट का आरोप, लोहे की रॉड से हमला; FIR दर्ज

रिपोर्टर : राजेश चौधरी

सौसर। थाना सौसर अंतर्गत ग्राम निमनी में पंचायत सचिव रविन्द्र ढोबले के खिलाफ एक गरीब मजदूर परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। शिकायत के अनुसार प्लास्टर के काम को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किए जाने का आरोप है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, वे मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। प्लास्टर कार्य को लेकर हुए विवाद के बाद पंचायत सचिव ने कथित रूप से महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की की गई और लाठी से हमला कर घायल कर दिया गया।

महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उसका पति और अन्य परिजन बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो शिकायत के अनुसार आरोपी ने लोहे की रॉड से उसके पति के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने गाली-गलौज और धमकी देना जारी रखा।

पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने कहा, “जो करना है कर लो, मैं सचिव हूं… मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस कथित बयान के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और मामले में निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

थाना सौसर पुलिस ने पीड़िता की लिखित शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर क्रमांक 0334/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो किसी भी सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कानून सभी के लिए समान है और किसी को भी अपने पद का दुरुपयोग करने का अधिकार नहीं है।

Previous Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *