लोहे की रेलिंग से टकराया युवक, सिर में गंभीर चोट; अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार
पांढुर्णा/सौसर। गुरुवार शाम जाम पुलिया के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि युवक मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल सौसर सिविल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए लगातार निगरानी में रखा है। युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और वह काफी समय तक बेहोशी की हालत में रहा, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मारी थी, जिसके बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस अब हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार घायल युवक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिसके चलते उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की पहचान और निवास संबंधी जानकारी जुटाने के प्रयास जारी हैं। पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने तथा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की हैं