जनसुनवाई में श्रमिक को मिली बड़ी राहत, 34 हजार रुपये का बकाया वेतन दिलाया गया
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर श्रम विभाग की त्वरित कार्रवाई, श्रमिक ने जताया आभार
पांढुर्णा, 23 जून 2026। जिला प्रशासन की जनसुनवाई आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनती जा रही है। इसी का एक सकारात्मक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब एक श्रमिक को लंबे समय से लंबित बकाया वेतन की राशि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त हुई।
जानकारी के अनुसार, आवेदक अनिल बारंगे ने वेतन भुगतान नहीं होने की शिकायत कलेक्टर पांढुर्णा नीरज कुमार वशिष्ठ के समक्ष जनसुनवाई में प्रस्तुत की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल श्रम विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर श्रम निरीक्षक सरिता साहू ने मामले की सुनवाई कर दोनों पक्षों को जनसुनवाई में उपस्थित कराया। विस्तृत जांच एवं सुनवाई के बाद श्रमिक के बकाया वेतन के भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
कार्रवाई के दौरान संबंधित संस्थान मोहनज्योति इंडेन द्वारा श्रमिक के बकाया वेतन की 34 हजार रुपये की राशि का चेक श्रम विभाग कार्यालय में जमा कराया गया। इसके बाद कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने स्वयं आवेदक अनिल बारंगे को 34 हजार रुपये का चेक सौंपा।
वेतन राशि प्राप्त होने पर अनिल बारंगे ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं श्रम विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हुआ और उन्हें न्याय मिला।
जिला प्रशासन का कहना है कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल रही है तथा शासन-प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।