Uncategorized

ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुई महाराष्ट्र परिवहन की बस, 12 यात्री घायल

पांढुर्णा/सौसर। सोमवार सुबह महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक यात्री बस बंजारी घाट क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के ब्रेक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना पांढुर्णा सीमा से लगे सवरनी और भिटनी घाट के बीच हुई। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही पुलिस, डायल-112 और एम्बुलेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सौसर, सौंसर एवं बिछुआ क्षेत्र के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु नागपुर रेफर किया गया है।

बस क्रमांक MH-40 Y-5241 बिछुआ से नागपुर की ओर जा रही थी। बस कंडक्टर के अनुसार अचानक ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

लोधीखेड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी यात्री की मृत्यु की सूचना नहीं मिली है।

स्थानीय नागरिकों ने घाट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने तथा परिवहन वाहनों की नियमित तकनीकी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Previous Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *