लिटिल फ्लॉवर स्कूल में जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता संपन्न, संभागीय मुकाबले के लिए खिलाड़ियों का चयन
पांढुर्णा, अमरवाड़ा और सौंसर के प्रतिभागियों ने दिखाया योग कौशल, अब बालाघाट में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व
पांढुर्णा, 27 जुलाई 2026। लिटिल फ्लॉवर स्कूल, महावीर वार्ड पांढुर्णा में सोमवार को जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांढुर्णा, अमरवाड़ा एवं सौंसर विकासखंडों के 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व बी.ई.ओ. श्री योगीराज वानोडे तथा विशेष अतिथि बी.ई.ओ. पांढुर्णा श्री एच.बी. हाडे, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य श्री सी.एस. बरेठ एवं लिटिल फ्लॉवर स्कूल की प्राचार्य सिस्टर सेरोफिना सोरेंग ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए योग को स्वस्थ जीवन और अनुशासित व्यक्तित्व का आधार बताया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में योग प्रभारी रंजना कुमरे, ब्लॉक क्रीड़ा प्रभारी श्री खेलसिंह मरकाम, वरिष्ठ खेल प्रभारी वामन घाटोड़े, खेल शिक्षक संजय डाबरे, श्याम कुमार गर्गे, प्रशांत पाटील सहित समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्री उत्तम सांबरे ने किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों में 14 वर्ष ट्रेडिशनल वर्ग में केतन साबले एवं ओम वर्मा, 17 वर्ष में मोहित बारमासे एवं आर्यन गुणारे, 19 वर्ष में आकाश मोहबे, आर्टिस्ट वर्ग में ओम वर्मा, सोहम ठोंबरे, तन्वी धारपुरे, मानवी, यथार्थ नरे, यश साठोने, प्रगति दुबे, योगीता मोहबे, आकाश मोहबे एवं प्रेम तायवाडे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के समापन पर स्कूल प्रबंधन एवं अतिथियों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित खिलाड़ी अब आगामी संभाग स्तरीय योग प्रतियोगिता में बालाघाट में पांढुर्णा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे जिले को उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।