मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत पांढुर्णा में भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन सम्पन्न
अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 197 जोड़ों का विवाह, 96.53 लाख रुपये की सहायता डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला पांढुर्णा द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना वर्ष 2026 के अंतर्गत आज कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में दिनांक 19 अप्रैल 2026 को कृषि उपज मंडी समिति शेड प्रांगण, पांढुर्णा में सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर संपन्न हुआ, जिसे हिंदू परंपरा में अत्यंत शुभ एवं मंगलकारी तिथि माना जाता है। इस दिन किए गए विवाह को दीर्घकालीन सुख, समृद्धि एवं अखंड सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है।
कार्यक्रम के तहत बारात लक्ष्मी स्मृति मंगल भवन, नगर पालिका पांढुर्णा से बाजे-गाजे के साथ प्रस्थान कर विवाह स्थल कृषि उपज मंडी समिति शेड प्रांगण पहुंची, जहां प्रशासन द्वारा माननीय अतिथियों एवं बारातियों का भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री नीलेश उईके, विधायक विधानसभा क्षेत्र पांढुर्णा, श्रीमती लता सिंह तुमडाम, अध्यक्ष जनपद पंचायत पांढुर्णा, श्री संदीप घाटोडे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद पांढुर्णा, श्री संदीप मोहोड, जिला भाजपा अध्यक्ष, श्री भीमराव वालके, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पांढुर्णा, श्री ताहिर पटेल, उपाध्यक्ष नगर पालिका पांढुर्णा सहित जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद पंचायत सदस्यगण, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन में कुल 197 जोड़ों का विधि-विधान पूर्वक विवाह/निकाह संपन्न कराया गया, जिसमें 106 जोड़ों का भूमका पद्धति, 83 जोड़ों का गायत्री परिवार पद्धति, 07 जोड़ों का बौद्ध संस्कृति अनुसार एवं 01 जोड़े का निकाह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित माननीय अतिथियों द्वारा सभी नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत 02 जोड़ों का विवाह मुख्यमंत्री दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत संपन्न कराया गया। योजना अंतर्गत प्रति वधु 49,000/- रुपये के मान से कुल 96,53,000/- (छियानवे लाख तिरपन हजार रुपये मात्र) की राशि डीबीटी के माध्यम से हितलाभ के रूप में प्रदान की जाएगी।
साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत सभी नवविवाहित जोड़ों को प्रशासन की ओर से एक-एक पौधा भेंट किया गया।
आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारु रहीं। बारातियों एवं परिजनों के लिए कूपन प्रणाली के माध्यम से भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। एसडीएम अल्का इक्का, तहसीलदार प्रेक्षा पाठक, नायब तहसीलदार अश्विनी गोहिया एवं जनपद पंचायत सीईओ बंदू सूर्यवंशी द्वारा कार्यक्रम की सतत निगरानी की गई, जिसके परिणामस्वरूप संपूर्ण आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।