Uncategorized

बंजारी घाटी में बड़ा हादसा: महाराष्ट्र परिवहन की बस पलटी, एक दर्जन से अधिक यात्री घायल

सौसर। सोमवार को बिछुआ से नागपुर जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन की यात्री बस बंजारी घाटी के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसा सवरनी के पहले स्थित घाटी के खतरनाक अंधे मोड़ पर हुआ, जहां चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही लोधीखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

लोधीखेड़ा थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि बस बंजारी घाटी के टर्निंग पॉइंट पर दुर्घटनाग्रस्त हुई। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार के कारण चालक का संतुलन बिगड़ना सामने आया है। पुलिस और राहगीरों ने बस की खिड़कियां तथा कांच तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सभी घायलों को तत्काल सौसर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय नागरिकों ने बंजारी घाटी के खतरनाक मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Previous Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *