कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा में समय-सीमा बैठक संपन्न, विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
योजनाओं के क्रियान्वयन, अवैध खनन पर कार्रवाई और जनसेवाओं की निगरानी तेज
शिकायतों के त्वरित निराकरण, पेयजल व्यवस्था, बाल संरक्षण और श्रम पंजीयन पर विशेष फोकस
पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ पांढुर्णा श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले में विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में श्रम, खनिज, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लघु सिंचाई, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा अवगत कराया गया कि 30 मार्च से श्रम विभाग द्वारा ई-श्रम पंजीयन अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का व्यापक पंजीयन कर उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना है। अभियान की समीक्षा के दौरान श्री वशिष्ठ ने श्रमिक पंजीयन कार्य में तेजी लाने पर विशेष जोर देते हुए सीएससी सेंटर के माध्यम से मानदेय के अंतर्गत पंजीयन को गति प्रदान करने तथा 10,000 पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभान्वित करने के लिए लक्ष्य आधारित कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने बिच्छू बग्गू क्षेत्र में अवैध खनन के मामलों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डंपर पकड़ने के निर्देश दिए। साथ ही लोधीखेड़ा समिति क्षेत्र में अभियत खनन की विस्तृत जांच करने को कहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने बाल आशीर्वाद योजना की समीक्षा करते हुए पात्र बच्चों को प्रतिमाह राशि आवंटन की जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से तलाकशुदा एवं अनाथ बच्चों की जानकारी एकत्रित करने के लिए कहा।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को निर्देशित किया गया कि पेयजल संरक्षण के अंतर्गत बोथिया क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आवश्यक जांच की जाए। इसके अलावा रिक्त शिकायतों के आधार पर पेयजल संबंधी समस्याओं का निराकरण भी प्राथमिकता से किया जाए। लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत पंजीयन एवं कार्यों की जांच के निर्देश दिए गए। वहीं नीलकंठ श्मशान की सड़क की अस्त-व्यस्त स्थिति को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जन-उपार्जन कार्यों में बिना सत्यापन के खरीदी नहीं की जाएगी और सभी संबंधितों को अनिवार्य रूप से रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए। बढ़ते तापमान को देखते हुए जनहित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों का समय प्रातः 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक करने के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग को हाईवे पर संचालित ढाबों एवं होटलों में ड्राइवेशन (निरीक्षण) कर श्रमिकों की स्थिति एवं नियमों के पालन की जांच करने के निर्देश दिए गए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागों को लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के सख्त निर्देश दिए। विशेष रूप से ट्राइबल बालक छात्रावास से संबंधित शिकायतों की स्वतंत्र अधिकारी द्वारा जांच कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त किसान कल्याण, लोक स्वास्थ्य टीकाकरण, खनिज विभाग, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।