कृषि विभाग द्वारा ग्राम स्तर पर ई-विकास प्रणाली एवं नरवाई प्रबंधन पर जागरूकता अभियान जारी
किसानों को नरवाई न जलाने एवं ई-टोकन से उर्वरक वितरण की दी जा रही जानकारी
पांढुर्णा जिला प्रशासन पांढुर्णा एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में कृषि विभाग पांढुर्णा द्वारा ग्राम स्तर पर नरवाई प्रबंधन एवं ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कृषि विभाग पांढुर्णा के कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा ग्राम स्तर पर किसानों के बीच पहुंचकर नरवाई प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें किसानों को नरवाई न जलाने की सलाह दी जा रही है तथा नरवाई जलाने से भूमि पर पड़ने वाले हानिकारक प्रभावों के बारे में भी अवगत कराया जा रहा है।
शासन द्वारा वर्ष 2026 में 1 अप्रैल से उर्वरक वितरण के लिए ई-विकास प्रणाली पूर्ण रूप से लागू कर दी गई है। इसके संबंध में किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की जा रही है तथा उन्हें जागरूक किया जा रहा है कि किसान ई-टोकन के माध्यम से ही उर्वरक क्रय करें, जिससे अनावश्यक भीड़ एवं समय की बचत हो सके। यह जागरूकता अभियान जिले के पांढुर्णा एवं सौसर विकासखंड में सतत रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि किसानों को ई-विकास प्रणाली एवं नरवाई प्रबंधन की समुचित जानकारी प्राप्त हो सके।