Uncategorized

सौसर में तीन दिवसीय ‘श्री शिवजन्मोत्सव’ का भव्य आगाज; ‘शौर्य दौड़’ में गूंजा जय शिवराय का उद्घोष

सौसर में तीन दिवसीय ‘श्री शिवजन्मोत्सव’ का भव्य आगाज; ‘शौर्य दौड़’ में गूंजा जय शिवराय का उद्घोष

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर होगा स्थानीय अवकाश – जिला कलेक्टर

नागपुर के राजन यादव ने जीती 10 किमी की दौड़; विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की वर्षा

सौसर/पांढुर्णा: हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के उपलक्ष्य में श्री शिवराय संगठन, सौसर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘श्री शिवजन्मोत्सव’ का अत्यंत उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज वंदन और ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर संपूर्ण राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालाऔर राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का महत्व बताया। आयोजन के प्रथम दिन आयोजित 10 किमी की ‘शौर्य दौड़’ में क्षेत्र और पड़ोसी जिलों के 100 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया। ‘जय शिवराय’ के उद्घोष के साथ धावकों ने अपनी खेल भावना का प्रदर्शन किया। इस आयोजन में ‘राहुल मोहोड़ मित्र मंडली’ का विशेष सहयोग रहा।

प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति:
पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक श्री नानाभाऊ मोहोड़ ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश एवं एसडीओपी श्रीमती प्रियंका पांडे उपस्थित रहीं। इस दौरान जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर स्थानीय अवकाश की घोषणा की, इस पर श्री शिवराय संगठन की ओर से कलेक्टर श्री वशिष्ठ का आभार व्यक्त किया गया।

विजेताओं पर हुई पुरस्कारों की वर्षा:
प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद राशि, स्मृति चिन्ह (शील्ड), मेडल और प्रशस्ति पत्र से नवाजा गया:

बालक वर्ग (विजेता):
प्रथम: राजन यादव (नागपुर) – ₹31,000 (स्व. मदन शर्मा की स्मृति में)
द्वितीय: निखार भलावी (गोंदिया) – ₹15,000 (स्व. राजू ठाकुर की स्मृति में)
तृतीय: रूपेश चौरे (रिधोरा) – ₹7,500 (स्व. गोलू लोनारे की स्मृति में)

बालिका वर्ग (विजेता):
प्रतिमा परतेती (प्रथम)
मयूरी ददघाये (द्वितीय)
रोशनी इवनाती (तृतीय)
विशेष आकर्षण: नन्हे धावक शिवांश पंकज धामधार को उनके अदम्य उत्साह के लिए विशेष सम्मान दिया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इन गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति:
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संदीपभाऊ मोहोड़, पूर्व नपाध्यक्ष लक्ष्मण चाके, संजय राठी, जामसंवली धाम अध्यक्ष गोपाल शर्मा, नपाध्यक्ष सुरेखा इंद्रचंद डागा, उपाध्यक्ष विनोद जुनघरे, पूर्व पार्षद दर्शन झाड़े, माया राउत, उषा भमोरे, जनपद अध्यक्ष संजय भूते, भारतीय सेना के पूर्व सैनिक आशीष ठाकरे, रमेश गौतम एवं श्री शिवराय संगठन के अध्यक्ष प्रदीप बिघाने सहित संगठन के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही।

संगठन का आभार:
श्री शिवराय संगठन के अध्यक्ष प्रदीप बिघाने ने सफल आयोजन हेतु पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, राहुल मोहोड़ मित्र मंडली और सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों में सांस्कृतिक कार्यक्रम और शिव चरित्र व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा।

Previous Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *