Uncategorized

सौंसर में रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मिली मंजूरी


सौंसर तहसील कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को रोगी कल्याण समिति (रोकस) की बैठक एसडीएम सिद्धार्थ पटेल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विधायक श्री विजय रेवनाथ चौरे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुरेखा इन्द्रचंद डागा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूते,ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान के संस्थापक श्री श्यामराव धवले प्रमुखता से उपस्थित थे।

बैठक के शुरुआत में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रूपेश बोकडे ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन और उनकी प्रगति की विस्तृत जानकारी सदन के सामने रखी।

इसके बाद सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कुल 39 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल की आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा आवश्यक संसाधनों में वृद्धि करने के संबंध में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृत प्रस्तावों के तहत अस्पताल परिसर से नागपुर-छिंदवाड़ा मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण, ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार, मर्चुरी तक पेवर ब्लॉक बिछाने, एनबीएसयू विभाग में पार्टिशन निर्माण, डेंटल चेयर की मरम्मत तथा एक नई एक्स-रे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे कई आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

इसके साथ ही सिविल अस्पताल की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए खिड़कियों में जाली एवं कांच लगाने, एक्स-रे फिल्म, एग्जॉस्ट फैन, सीलिंग फैन और चार्जिंग ट्यूबलाइट की खरीद के साथ-साथ सभी अग्निशामक यंत्रों की रिफिलिंग कराने तथा फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी मंजूरी दी गई। सिविल अस्पताल परिसर में स्थित ट्रांसफॉर्मर क्षेत्र में कांक्रीट कार्य कराया जाएगा और नगर पालिका के सहयोग से पेयजल टंकियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। समिति ने यह भी निर्णय लिया कि जिन विषयों और विकास कार्यों के लिए शासन स्तर की स्वीकृति अनिवार्य है, उनके विस्तृत प्रस्ताव जल्द से जल्द तैयार कर मध्य प्रदेश शासन को भेजे जाएंगे।

क्षेत्र के नागरिकों और मरीजों को एक बड़ी राहत देते हुए समिति ने नागपुर-छिंदवाड़ा रूट पर चलने वाली एंबुलेंस सेवा के किराए में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं करने का फैसला किया है। इसके अलावा, समिति के कामकाज को और अधिक सुव्यवस्थित करने के लिए डॉ. संदीप नखाते को रोगी कल्याण समिति का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में पुराने अस्पताल परिसर स्थित कॉम्पलेक्स के किराएदारों के संबंध में भी एक बड़ा नीतिगत निर्णय लिया गया। अब इन सभी दुकानों का नए सिरे से किराया निर्धारण किया जाएगा और नया अनुबंध तैयार होगा। इस कार्य की जिम्मेदारी नगर पालिका सौंसर को सौंपी गई है, ताकि नई गाइडलाइन के अनुसार उचित किराया तय कर रोगी कल्याण समिति की आय में बढ़ोतरी की जा सके। वहीं, पीपला नारायण वार के जर्जर और जीर्ण-शीर्ण हो चुके प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन को पूरी तरह डिस्मेंटल कर उसके स्थान पर एक सर्वसुविधायुक्त नए भवन की स्वीकृति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।

इस बैठक में नगर पालिका सीएमओ श्री मौसम पालेवार सहित वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Previous ArticleNext Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *