पांढुर्णा में हर गुरुवार सज रहा जैविक हाट बाजार, अधिकारियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर की खरीदी
रसायनमुक्त भोजन को बढ़ावा: किसानों के जैविक उत्पादों को मिल रहा बेहतर प्रतिसाद
पांढुर्णा /09 अप्रैल 2026/ पांढुर्णा जिले में प्रत्येक गुरुवार लग रहे जैविक हाट बाजार से अधिकारियों एवं आम नागरिकों द्वारा जैविक उत्पाद की खरीदी की गई। आम जनता को स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने एवं प्राकृतिक/जैविक खेती को प्रोत्साहन देने माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा अनुरूप एवं कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में पांढुर्णा जिले में जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया है। यह बाजार प्रत्येक गुरुवार को नगर पालिका के शुक्रवार बाजार में सुबह 10 बजे से लगाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 09 अप्रैल 2026 को शुक्रवार बाजार में सुबह 10 बजे से जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों द्वारा अपने उत्पाद विक्रय के लिए बाजार में लाए गए। दोपहर 3 बजे तक किसानों द्वारा लाए गए अधिकांश उत्पादों का विक्रय हो चुका था, जिससे बाजार के प्रति लोगों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आम नागरिकों का इस बाजार के प्रति बहुत अच्छा प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है। आज जैविक हाट बाजार में किसानों द्वारा आलू, देशी (छोटे) टमाटर, मेथी एवं पालक भाजी, हरी धनिया, हरी प्याज, ज्वार एवं मक्का आटा, हल्दी पाउडर, कच्ची हल्दी, काला आलू, काली हल्दी, सागर मोती गेहूं, मिर्च, अचार, पापड़ आदि उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध कराए गए थे।
आज विभागीय अधिकारियों ने सहपरिवार जैविक हाट में उपस्थित होकर किसानों द्वारा लाए गए जैविक उत्पादों की खरीदी की तथा उनसे चर्चा कर उनके प्रयासों की सराहना की। वहीं नगर के आम नागरिकों ने भी जैविक उत्पादों की खरीदी में विशेष रुचि दिखाई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार को रसायनमुक्त सब्जियां, अनाज एवं दालें उपलब्ध कराएं ताकि विभिन्न बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने सभी से प्रत्येक गुरुवार को लगने वाले इस जैविक हाट बाजार से अधिक से अधिक रसायनमुक्त उत्पाद खरीदने की अपील की है।
आज के जैविक हाट बाजार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं आम नागरिकों द्वारा जैविक उत्पादों की खरीदी की गई, जिससे किसानों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।