Uncategorized

जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की पहली बैठक संपन्न

जनजातीय हितों के संरक्षण, राहत प्रकरणों की समीक्षा और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

पांढुर्णा
कलेक्टर एवं जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति के अध्यक्ष श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंगसमिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विधायक पांढुर्णा श्री निलेश उइके, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी, जिला अभियोजन अधिकारी श्री अखिल कुशराम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजकुमार इवनाती एवं जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग के सचिव श्री उमेश कुमार सातनकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग के सचिव श्री उमेश कुमार सातनकर ने जानकारी दी कि विभाग अंतर्गत विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए समिति का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से हितग्राहियों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराया जा रहा है।

बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के अंतर्गत लंबित राहत राशि के प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्राप्त, स्वीकृत एवं लंबित प्रकरणों के साथ ही वितरित कुल राहत राशि की विस्तृत जानकारी कलेक्टर श्री वशिष्ठ के समक्ष प्रस्तुत की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी ने अधिनियम के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरणों की संख्या, समिति को प्रेषित मामलों, स्वीकृत एवं लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति तथा राहत राशि वितरण की प्रगति से अवगत कराया।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने एससी/एसटी प्रकरणों में विभिन्न देय भत्तों के भुगतान हेतु आवश्यक बजट उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जनजातीय कार्य विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए समिति से संपर्क की व्यवस्था की जानकारी भी साझा की गई, जिससे हितग्राहियों को त्वरित सहायता मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिले में कॉलेज स्तर के ट्राइबल छात्रावास की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, जिस पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर, बिरसा मुंडा एवं टंट्या मामा से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक के अंत में 14 अप्रैल 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आदिवासी बालक छात्रावास, पांढुर्णा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कार्यक्रम के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

Previous ArticleNext Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *